दिल्ली में 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के चलते ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कनॉट प्लेस, पटेल चौक, GPO, टॉल्स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड और पार्लियामेंट स्ट्रीट समेत कई रास्तों पर ट्रैफिक को नियंत्रित या डायवर्ट करने की जानकारी दी है। लोगों से अपील की गई है कि वे संभव हो तो इन रास्तों से बचें और जरूरी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। वाहन चालकों को मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देश और डायवर्जन साइन का पालन करने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक प्रतिबंधों के साथ दिल्ली मेट्रो ने भी 11 स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है। इनमें जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। हालांकि राजीव चौक, मंडी हाउस, INA, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपना रूट और मेट्रो कनेक्शन जांचने की सलाह दी गई है।







