दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। 2026 में अब तक राजधानी में 1,777 से ज्यादा H1N1 संक्रमण दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि इन्फ्लुएंजा के कुल मामले 2,600 से अधिक पहुंच गए थे। बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है और लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने 35 अस्पतालों को विशेष निगरानी में रखा है, जबकि AIIMS और NCDC में रेफरल लैब की व्यवस्था की गई है।
सरकार की ओर से अस्पतालों में बेड, डॉक्टर, दवाओं और जरूरी मेडिकल उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की निगरानी और इलाज के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं। लोगों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, हाथों की सफाई रखने और खांसते-छींकते समय मुंह-नाक ढकने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बुखार, खांसी, गले में दर्द, शरीर में दर्द या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।




