कालकाजी के आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से कथित गैंगरेप की घटना के बाद दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने राजधानी के सभी 736 पार्कों का सुरक्षा ऑडिट पूरा किया है। जांच में 190 पार्कों को हाई रिस्क, 258 को मीडियम रिस्क और 288 पार्कों को लो रिस्क श्रेणी में रखा गया है। सबसे बड़ी चिंता निगरानी व्यवस्था को लेकर सामने आई है, क्योंकि 736 में से केवल 16 पार्कों में ही CCTV कैमरे लगे मिले। ऑडिट के आधार पर 323 अन्य पार्कों में भी CCTV लगाने की जरूरत चिन्हित की गई है।
ऑडिट में रोशनी और प्रवेश व्यवस्था से जुड़ी कमियां भी सामने आई हैं। DDA के मुताबिक 520 पार्कों में अतिरिक्त लाइटिंग की जरूरत है, जिनमें 231 को प्राथमिकता पर लिया गया है और 106 पार्कों में काम पूरा हो चुका है। वहीं 163 पार्कों में गेट की सुरक्षा मजबूत करने की जरूरत बताई गई है। हाई रिस्क पार्कों में बाइक पेट्रोलिंग शुरू की गई है, जबकि 245 पार्कों में रात की गश्त और 602 पार्कों में सुरक्षा गार्डों की बायोमेट्रिक हाजिरी लागू की जा चुकी है।







