दिल्ली-NCR में बारिश के बाद मंगलवार को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। दोपहर बाद हुई बारिश और पीक ऑवर में वाहनों का दबाव बढ़ने से एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई जगह गाड़ियां बेहद धीमी रफ्तार से आगे बढ़ती नजर आईं, जिससे रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद NCR के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा होने और एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों के निकलने से एक्सप्रेसवे पर यातायात का दबाव और बढ़ गया। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर करीब 5 बजे के आसपास भारी ट्रैफिक की सूचना सामने आई, जिसके बाद यात्रियों को लंबी दूरी तय करने में सामान्य से अधिक समय लगा। दिल्ली-NCR में लगातार बारिश के चलते अलग-अलग प्रमुख मार्गों पर भी जाम और जलभराव की समस्या सामने आई है, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हो रही है।



