दिल्ली सरकार ने महिलाओं के लिए लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 26 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र सौंपे और पहली किस्त जारी की। योजना के तहत पात्र आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। अब तक इस योजना के लिए 9 लाख से अधिक महिलाओं के रजिस्ट्रेशन की जानकारी सामने आई है।
योजना के तहत लाभार्थियों को भुगतान के दो विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 1,500 रुपये RD/FD में जमा किए जाएंगे, जबकि 1,000 रुपये CBDC वॉलेट के जरिए दिए जाएंगे। दूसरा विकल्प चुनने पर पूरी 2,500 रुपये की राशि RD/FD में जमा की जा सकती है। योजना के लिए 21 से 60 वर्ष की उम्र, परिवार की सालाना आय 2.5 लाख रुपये तक और कम से कम 10 साल से दिल्ली का निवासी होना जैसी शर्तें तय की गई हैं। सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता, GST दाखिल करने वाले और कुछ अन्य श्रेणियां इसके दायरे से बाहर रखी गई हैं।




