शादी की खुशियों के लिए जुटा एक परिवार चंद सेकंड में मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। दक्षिणी ईरान के तटीय कस्बे कुहेस्तक में एक परिवार शादी समारोह की तैयारियों में जुटा था, तभी अचानक हुए धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। हमले में एक बच्चे समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटनास्थल पर हर तरफ तबाही का मंजर था। जमीन पर बच्चों के जूते और सैंडल बिखरे थे, हवा में धुएं का गुबार था और घायल लोग मदद के लिए चीखते हुए बाहर निकल रहे थे।

यह घटना मंगलवार, 1 सितंबर 2026 की शाम की बताई जा रही है। उस वक्त घर के परिसर में महिलाएं और बच्चे शादी की रस्मों के लिए जुटे हुए थे। बताया गया कि रस्में शुरू होने से पहले ही पास मौजूद एक टेलीकम्युनिकेशन टावर को मिसाइल ने निशाना बनाया। इसके कुछ ही क्षण बाद शादी वाले घर के पास दो और जोरदार धमाके हुए। हमले से हुए भारी नुकसान को देखते हुए अमेरिकी हथियार के सीधे इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वॉशिंगटन ने अभी तक इस हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की है।
स्थानीय निवासी सुलेमान जकारी फरद ने मीडिया को बताया कि धमाके के बाद इलाके में धूल और धुएं का गुबार छा गया था। हर तरफ चीख-पुकार मची थी और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। उनके मुताबिक, टेलीकम्युनिकेशन टावर पर मिसाइल गिरने के कुछ ही पलों बाद शादी वाले घर के पास भी धमाके हुए।
स्थानीय कारोबारी 34 वर्षीय सासन जारेई धमाके की आवाज सुनकर मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। जारेई के मुताबिक, घायलों में बड़ी संख्या छोटे बच्चों की थी। मलबे के बीच कई बच्चों के जूते और सैंडल बिखरे हुए थे। उन्होंने बताया कि एक बच्चा बेहद गंभीर हालत में मिला, जिसके फेफड़े तक बाहर आ गए थे। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। जारेई ने कहा कि यह कोई सैन्य ठिकाना नहीं था, बल्कि आम नागरिकों का घर था।
अमेरिकी अधिकारियों ने इस घटना की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है और कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। अमेरिका का कहना है कि उसके सैन्य अभियान का निशाना ईरान के सैन्य ठिकाने थे, नागरिक इलाके नहीं।
वहीं, रॉयटर्स ने घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो का चार हथियार विशेषज्ञों से विश्लेषण कराया। इनमें से तीन विशेषज्ञों ने नुकसान के पैटर्न के आधार पर संभावना जताई कि यह किसी अमेरिकी हथियार के सीधे हमले का नतीजा हो सकता है। हालांकि, एक विशेषज्ञ ने यह भी संभावना जताई कि इस्तेमाल किया गया हथियार अपने निर्धारित लक्ष्य से भटक गया हो।
रॉयटर्स के मुताबिक, शादी वाला घर उस टेलीकम्युनिकेशन टावर से करीब 135 मीटर दूर था, जिसे अमेरिकी हमले का संभावित निशाना बताया गया है। जिस आंगन में रिश्तेदार शादी की खुशियां मनाने और मंगल गीत गाने के लिए जुटे थे, वही जगह कुछ ही देर बाद मातम में बदल गई। जश्न के लिए जुटे परिवार को अपने ही लोगों के जनाजे उठाने पड़े और देखते ही देखते शादी का घर मलबे के बीच अपनों की तलाश का केंद्र बन गया।



