बोलिविया के वियाचा नगरपालिका में एक सैन्य परिसर में रखी आतिशबाजी से जुड़ी सामग्री में जोरदार धमाका हो गया। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 62 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाके के कुछ ही सेकंड बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित जगह की ओर भागते नजर आए।

यह घटना 4 सितंबर को दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। वियाचा, राजधानी ला पाज से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट रक्षा मंत्रालय के उस भंडार से शुरू हुआ, जहां आतिशबाजी से संबंधित सामग्री रखी जाती थी। हालांकि, अभी तक धमाके की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
वियाचा की स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने स्थानीय टेलीविजन को बताया कि हादसे में मृतकों की संख्या 10 से 15 तक पहुंचने की आशंका है। वहीं, 62 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में से 14 को बेहतर इलाज के लिए ला पाज के अस्पतालों में भेजा गया है। इनमें एक लड़की भी शामिल है, जो जलने के कारण घायल हुई है।

पुलिस के अनुसार, धमाके में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। विस्फोट का असर आसपास के घरों पर भी पड़ा है। कई मकानों की खिड़कियां टूट गईं और इमारतों को नुकसान पहुंचा। राहत और बचाव अभियान के लिए सैन्य परिसर में एंबुलेंस, मेडिकल टीम और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया, ताकि घायलों को तत्काल इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाया जा सके।
हादसे के बाद घटनास्थल पर दोबारा विस्फोट की आशंका भी बनी हुई थी। स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर गर्मी के एक स्रोत के मौजूद होने की चेतावनी दी थी। इसके चलते अधिकारियों ने लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर की दूरी बनाए रखने की अपील की।
धमाके के बाद प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं, जिनमें विस्फोट के कुछ सेकंड बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं। रॉयटर्स ने इमारतों, पेड़ों, सड़क की बनावट और बिजली के खंभों जैसे दृश्यों के आधार पर वीडियो के घटनास्थल की पुष्टि की है। वहीं, वीडियो की तारीख की पुष्टि मूल फाइल के मेटाडेटा के जरिए की गई।

