यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने कीव पर 72 घंटे तक हमले रोकने का ऐलान किया है। क्रेमलिन के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कीव पर हमले रोकने का आदेश दिया है। यह घोषणा ऐसे वक्त हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति के दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर युद्ध खत्म कराने की कोशिशों को दोबारा गति देने के लिए मॉस्को पहुंचे हैं।
रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने रूसी समाचार एजेंसी तास को बताया कि पुतिन ने आधी रात से तीन दिनों तक कीव पर हमले रोकने का निर्देश दिया है। उनके मुताबिक, यह फैसला विटकॉफ और कुशनर की प्रस्तावित मॉस्को यात्रा की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। यूक्रेन की ओर से बताया गया है कि दोनों अमेरिकी दूत रविवार को यात्रा करेंगे।

अमेरिकी दूतों की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब रूस और यूक्रेन के बीच हवाई हमले लगातार तेज हुए हैं। रूस लंबे समय से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध लड़ रहा है और दोनों देशों के बीच संघर्ष खत्म कराने की कोशिशें अभी तक किसी ठोस समझौते तक नहीं पहुंच पाई हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने शुक्रवार को कहा था कि अमेरिकी दूतों की यात्रा के दौरान यूक्रेन हवाई हमले रोकने के लिए तैयार है। उन्होंने मॉस्को से भी इसी तरह का कदम उठाने की अपील की थी। ऐसे में रूस की ओर से 72 घंटे के लिए हमले रोकने का ऐलान शांति प्रयासों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

पिछले कुछ महीनों में अमेरिका की ओर से रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की कोशिशों की रफ्तार भी धीमी पड़ी है। इस दौरान अमेरिका का ध्यान ईरान के साथ चल रहे संघर्ष पर ज्यादा केंद्रित रहा है। विटकॉफ और कुशनर इससे पहले जनवरी में मॉस्को पहुंचे थे, जहां उन्होंने क्रेमलिन में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी।
तास की रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को पहुंचने पर रूसी दूत किरिल दिमित्रिएव ने एयरपोर्ट पर दोनों अमेरिकी प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “मॉस्को में शांतिदूतों का स्वागत है।” अब सबकी नजरें इस यात्रा पर हैं कि क्या अमेरिकी दूतों की बातचीत रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में कोई नई पहल सामने ला पाती है।


