सोना और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं के दाम फिर फिसल गए। इस सप्ताह के शुरुआती तीन कारोबारी दिनों में चांदी करीब 8,500 रुपये प्रति किलो और सोना लगभग 2,600 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो चुका है। साल की शुरुआत में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने वाले सोना-चांदी के भाव अब लगातार नीचे आ रहे हैं, जिससे खरीदारों को राहत मिली है।
इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, घरेलू बाजार में भी 24 कैरेट सोने और चांदी की कीमतों में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा समय में आभूषण खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए यह अच्छा अवसर हो सकता है। हालांकि, ज्वेलरी खरीदते समय ग्राहकों को सोने-चांदी की कीमत के अलावा जीएसटी और मेकिंग चार्ज भी देना होगा, जिससे अंतिम कीमत बढ़ सकती है।




