पंजाब के लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन का एक कोच अचानक दूसरे डिब्बे से अलग हो गया। घटना उस समय हुई जब ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़ रही थी। तेज आवाज सुनकर यात्रियों में अफरातफरी मच गई और कई लोग घबराकर कोच से बाहर निकल आए। ट्रेन में करीब 1200 यात्री सवार थे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, दो कोचों को जोड़ने वाला कपलर टूट जाने के कारण यह तकनीकी हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि ट्रेन की रफ्तार बहुत कम थी, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गए तथा तकनीकी जांच शुरू कर दी गई।
फिरोजपुर मंडल के अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित कोच की उम्र लगभग 15 वर्ष है और कपलर टूटने के कारण तेज आवाज आई थी। फिलहाल रेलवे प्रशासन ने प्रभावित डिब्बे को हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है, जिसके बाद ही अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।



