उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के स्थापना दिवस को लेकर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। 15 जून को आयोजित होने वाले इस विशेष अवसर से पहले ही आश्रम परिसर श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर चुका है और पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।

स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर कैंची धाम को आकर्षक रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। शाम ढलते ही पूरा आश्रम जगमगाता नजर आता है, जिससे धाम का वातावरण और अधिक दिव्य एवं अलौकिक हो गया है। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को देखकर भावविभोर हो रहे हैं।

इस अवसर पर महाप्रसाद की तैयारियां भी बड़े स्तर पर की जा रही हैं। आश्रम में नौ बड़े चूल्हों पर प्रसाद बनाया जा रहा है। विशेष रूप से मथुरा और वृंदावन से आए करीब 45 अनुभवी कारीगर श्रद्धालुओं के लिए मालपुए तैयार करने में जुटे हैं। बड़े-बड़े कड़ाहों में बन रहा यह प्रसाद स्थापना दिवस पर आने वाले लाखों भक्तों में वितरित किया जाएगा।
देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंच रहे हैं। आश्रम परिसर के साथ-साथ आसपास का इलाका भी श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार है। बाबा के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया है।
धाम में अखण्ड रामायण पाठ भी लगातार जारी है, जिससे यहां की धार्मिक गरिमा और अधिक बढ़ गई है। प्रशासन और आश्रम प्रबंधन को उम्मीद है कि इस बार स्थापना दिवस पर श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ सकती है।


