राजधानी दिल्ली में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार एक नई पहल की तैयारी में है। दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (DTTDC) जल्द ही एक विशेष टेंपल टूरिज्म सर्किट शुरू करने जा रहा है, जिसके तहत श्रद्धालु और पर्यटक एक ही यात्रा में शहर के कई प्रमुख मंदिरों के दर्शन कर सकेंगे। यह योजना फिलहाल टेंडरिंग चरण में है और शुरुआती तौर पर दो विशेष बसों से इसकी शुरुआत की जाएगी।

इस प्रस्तावित सर्किट के तहत Akshardham Temple से लेकर ऐतिहासिक Yogmaya Temple तक कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों को जोड़ा जाएगा। इस रूट में Birla Mandir, Venkateswara Temple और सीआर पार्क स्थित Kali Bari Temple भी शामिल किए जाने की योजना है।
सरकार का उद्देश्य दिल्ली के पर्यटन को सिर्फ ऐतिहासिक इमारतों और स्मारकों तक सीमित न रखकर धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों तक विस्तार देना है। अधिकारियों का मानना है कि राजधानी में मौजूद कई प्रमुख मंदिर सालभर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं, लेकिन अब तक इन्हें संगठित पर्यटन नेटवर्क से नहीं जोड़ा गया था।

इस सेवा की बुकिंग सरकार के ‘देखो मेरी दिल्ली’ प्लेटफॉर्म के जरिए की जा सकेगी। योजना के लॉन्च के बाद इसे डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा ताकि लोग आसानी से सीटें बुक कर सकें।

अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में यात्रियों की प्रतिक्रिया और मांग का आकलन किया जाएगा। यदि प्रतिक्रिया सकारात्मक रही तो भविष्य में बसों की संख्या और रूट का विस्तार भी किया जा सकता है। रूट और सड़क की ऊंचाई जैसी तकनीकी सीमाओं को देखते हुए छोटे आकार की बसों का इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसी महीने के अंत में अक्षरधाम में देशभर के आध्यात्मिक नेताओं और संगठनों की मौजूदगी में एक विशेष कार्यशाला आयोजित करने की भी तैयारी है, जिसमें धार्मिक पर्यटन के विस्तार और बेहतर प्रबंधन पर चर्चा होगी। यह पहल दिल्ली को एक नए आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
