पश्चिमी दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों ने सनसनी फैला दी है। 25 वर्षीय बीना की 18 मई की रात ससुराल की चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। जहां ससुराल पक्ष इसे हादसा बता रहा है, वहीं मायके वालों ने मारपीट के बाद छत से फेंकने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने मामले में पति राजू सिंह और उसके छोटे भाई राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
मृतका के परिवार का कहना है कि बीना लंबे समय से दहेज के लिए प्रताड़ना झेल रही थी। उसके भाई ने भावुक होकर कहा कि अगर वे उसे पहले ही घर वापस ले आते, तो शायद आज वह जिंदा होती।

परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात बीना ने अपनी बहन को फोन कर रोते हुए मदद मांगी थी। उसने कहा था कि ससुराल वाले उसे मारते-पीटते हैं और जान से मार सकते हैं। उसने अपनी छह महीने की बच्ची का ख्याल रखने की बात भी कही थी। परिवार का दावा है कि इस कॉल के करीब एक घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि बीना छत से गिर गई है। अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, बीना की शादी दिसंबर 2022 में हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही महंगी बाइक, एसी और अन्य सामान की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाता था। हाल ही में परिवार में दूसरी शादी के बाद दोनों बहुओं के दहेज की तुलना कर बीना पर और दबाव बनाया जाने लगा था।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले बीना के साथ इतनी मारपीट की गई थी कि उसके कान का पर्दा तक फट गया था। उसका इलाज चल रहा था।

चूंकि शादी को साढ़े तीन साल ही हुए थे, इसलिए मामले की जांच नियमानुसार प्रशासनिक अधिकारी की निगरानी में की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच जारी है। वहीं मृतका की छह महीने की बच्ची की देखभाल और अभिरक्षा को लेकर भी कानूनी प्रक्रिया चल रही है।


