पश्चिमी दिल्ली के इंदरपुरी इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने पति और उसके दो भाइयों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। मृतका की पहचान 25 वर्षीय बीना के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले होली चौक निवासी राजू सिंह से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि दसघरा गांव स्थित होली चौक के पास एक महिला दूसरी मंजिल से गिर गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अवस्था में महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचना दी गई। मृतका के परिजन उत्तर प्रदेश के एटा से दिल्ली पहुंचे और उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या के आरोप लगाए। परिजनों का कहना है कि बीना को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था।

घटनास्थल पर पुलिस की अपराध जांच टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयानों के आधार पर इंदरपुरी थाने में पति राजू सिंह और उसके दो भाइयों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

