पश्चिमी दिल्ली के जाफरपुर कलां थाना पुलिस ने बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दिल्ली, पंजाब और बिहार में छापेमारी और तकनीकी निगरानी के बाद इन आरोपियों को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले सुनसान और बंद मकानों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। वारदात के बाद वे लगातार अपने ठिकाने बदल लेते थे ताकि पुलिस उनकी लोकेशन तक न पहुंच सके।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नांगली डेयरी निवासी प्रभाकर मिश्रा, विवेक, बापरोला निवासी स्नेहा और बिहार के वैशाली निवासी सूरज कुमार शाह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो सोने के कंगन, नकदी, चोरी के पैसों से खरीदा गया मोबाइल फोन, चोरी किया गया सूटकेस और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी व मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 20 मार्च को इलाके में एक घर में चोरी की शिकायत दर्ज हुई थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पंजाब के लुधियाना में ठिकाने बदल-बदलकर रह रहे हैं। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने नांगली डेयरी इलाके में जाल बिछाकर दो आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में महिला आरोपी स्नेहा की भूमिका भी सामने आई। कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। आगे की जांच में पुलिस टीम बिहार पहुंची, जहां एक अन्य आरोपी सूरज कुमार शाह को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने के कंगन भी बरामद हुए।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित साथियों के बारे में भी जांच कर रही है।

