नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-6 स्थित साप्ताहिक बाजार के बाद इलाके में फैली गंदगी को लेकर स्थानीय निवासियों ने गंभीर चिंता जताई है। मंगलवार को लगने वाले इस बाजार के समाप्त होने के बाद सड़कों और आसपास के क्षेत्रों में कूड़े के ढेर, सड़ी-गली सब्जियां, प्लास्टिक बैग, थर्मोकोल, कार्डबोर्ड और अन्य अपशिष्ट सामग्री बिखरी मिली।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार खत्म होने के बाद सफाई की उचित व्यवस्था नहीं की जाती, जिससे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और राहगीरों, बच्चों तथा स्कूल जाने वाले छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजार के पास स्थित एमडीएच इंटरनेशनल स्कूल के आसपास भी गंदगी का अंबार देखा गया।
डीडीए फ्लैट्स, सेक्टर-6 के निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी सफाई व्यवस्था नहीं बनाई गई है। बुधवार सुबह तक भी सड़क किनारे कूड़ा बिखरा हुआ था, जहां आवारा पशु और कुत्ते कचरे में घूमते नजर आए।

निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार समाप्त होने के तुरंत बाद सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाए और कूड़ा संग्रहण के लिए अस्थायी डस्टबिन लगाए जाएं, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ रखा जा सके।


