नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-13 से सेक्टर-20 तक लगभग पांच किलोमीटर लंबे मार्ग पर पिछले एक सप्ताह से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाने से सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में नई स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य चल रहा है। इसी कारण पुरानी लाइटों को बंद कर दिया गया है, लेकिन नई व्यवस्था अभी तक पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि काम चरणबद्ध तरीके से किया जा सकता था, ताकि पूरी सड़क को अंधेरे में न छोड़ना पड़े।
स्थानीय निवासी सुभाष यादव ने बताया कि इस संबंध में डीडीए को शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार द्वारा पूरे रोड की लाइटें एक साथ बंद कर देने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है।

निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।


