देश के वैज्ञानिक जगत के लिए यह बेहद गर्व और सम्मान की बात है कि अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की वैज्ञानिक, एसोसिएट प्रोफेसर एवं NIMS ग्रुप में अंतरराष्ट्रीय मामलों की निदेशक डॉ. स्वर्णलता पांचाल को प्रतिष्ठित ‘360 रिसर्च फाउंडेशन’ द्वारा ‘बेस्ट वीमेन साइंटिस्ट रिसर्च अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार तथा आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में उनके उत्कृष्ट और उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
यह सम्मान बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के नरकटियागंज स्थित तुमकरिया में आयोजित ‘इंटरनेशनल अर्थ डे कॉन्क्लेव 2026’ (International Earth Day Conclave 2026) के दौरान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधन विभाग और 360 रिसर्च फाउंडेशन द्वारा किया गया था। सम्मेलन की थीम “Sustainable Future through Innovation, Awareness & Action” रखी गई थी।

कार्यक्रम के दौरान संयुक्त आयोजन सचिव डॉ. एस.वी. डांगरे एवं 360 रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री एस. के. शेखर ने डॉ. पांचाल को प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया।
डॉ. स्वर्णलता पांचाल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), हेल्थकेयर और बायोटेक्नोलॉजी जैसे आधुनिक एवं महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय शोध कार्य किए हैं। उनके अनुसंधान और नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक सराहना मिल रही है। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि को दर्शाता है, बल्कि देश में महिला वैज्ञानिकों की बढ़ती भूमिका, प्रतिभा और वैश्विक स्तर पर उनकी मजबूत पहचान को भी उजागर करता है।


