द्वारका और सागरपुर के निवासियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत और स्थानीय विधायक प्रद्युम्न राजपूत की उपस्थिति में रविवार को सागरपुर रामलीला मैदान में क्षेत्र के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास किया। अब द्वारका विधानसभा क्षेत्र के लोगों को न सिर्फ बुनियादी विकास कार्यों का लाभ मिलेगा, बल्कि इस इलाके के लोगों तक सरकार की मेट्रो योजनाओं का फायदा भी पहुंचेगा।
इस बड़ी घोषणा का सबसे ज्यादा लाभ सागरपुर के उन नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और आम नागरिकों को मिलेगा, जिन्हें हर दिन भारी ट्रैफिक और लंबे सफर से जूझना पड़ता था। सरकार की इस योजना के तहत 6,200 करोड़ रुपये की लागत से कीर्ति नगर से पालम तक एक नई मेट्रो लाइन बनाई जाएगी, जो सीधे सागरपुर से होकर गुजरेगी। इस मेट्रो लाइन के बनने से लोगों का कीर्ति नगर, पालम और दिल्ली के बाकी हिस्सों में आना-जाना बेहद आसान और मिनटों का खेल हो जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय जमीनों व मकानों की कीमतों में भी उछाल आएगा।
इसके अलावा, जनता के घर के आसपास की बुनियादी सुविधाओं को तुरंत सुधारने के लिए 100 करोड़ रुपये का बजट जारी कर शिलान्यास कर दिया गया है। आने वाले दिनों में द्वारका और सागरपुर की कॉलोनियों में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इसके तहत टूटी सड़कों और गलियों का नए सिरे से निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, दिल्ली जल बोर्ड के जरिए नई पानी और सीवर की लाइनें बिछाई जाएंगी, जिससे गंदे पानी की समस्या हमेशा के लिए खत्म होगी। जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ड्रेनेज सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा ताकि बारिश में गलियों में पानी न भरे। बच्चों के खेलने और लोगों के टहलने के लिए पार्कों को सुंदर बनाया जाएगा और सड़कों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर आम परिवारों की महिलाओं और बच्चियों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए। इसके तहत 'लखपति बिटिया योजना' के जरिए हर घर की बेटी को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष आर्थिक मदद दी जाएगी और स्कूल जाने वाली हर बच्ची को पढ़ाई में आसानी के लिए साइकिल बांटी जाएगी। इसके अलावा, जो महिलाएं अपना छोटा-मोटा काम या सेल्फ हेल्प ग्रुप चलाती हैं, उन्हें बिना किसी गारंटी के कुल 10 करोड़ रुपये तक का लोन दिया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि केंद्र और दिल्ली की सरकार मिलकर आम जनता की भलाई के लिए दिन-रात काम कर रही है। वहीं विधायक प्रद्युम्न राजपूत ने इस भारी-भरकम बजट और सागरपुर को मेट्रो का तोहफा देने के लिए पूरी जनता की तरफ से मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस शिलान्यास समारोह के दौरान इलाके के हजारों लोग टोलियां बनाकर ढोल-नगाड़ों के साथ शामिल हुए और खुशी मनाई। इस खास मौके पर डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट एम चैतन्य और डिप्टी कमिश्नर सांगवान सहित सभी संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारी भी उपस्थित थे।




