दिल्ली के Okhla स्थित National Testing Agency (NTA) मुख्यालय के बाहर शुक्रवार को NEET UG पेपर लीक मामले को लेकर जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। National Students' Union of India (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ नारेबाजी की और NTA को खत्म करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं का आरोप है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उनका कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और परीक्षा एजेंसी के खिलाफ जमकर नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्यालय के आसपास निगरानी भी बढ़ाई गई।
NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। कई छात्र संगठन परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।


