भीषण गर्मी शुरू होते ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह के देसी जुगाड़ वायरल होने लगे हैं। इस बीच दिल्ली के एक ई-रिक्शा चालक का अनोखा आइडिया इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच रहा है। शख्स ने अपने ई-रिक्शा को ऐसा मॉडिफाई किया कि लोग उसे चलता-फिरता “देसी AC” कहने लगे।

वीडियो में देखा जा सकता है कि ई-रिक्शा को चारों तरफ से खस के पर्दों से ढका गया है। यही नहीं, पीछे पानी से भरा एक प्लास्टिक कंटेनर लगाया गया, जिसमें छोटे पाइप और मोटर की मदद से लगातार पानी खस के पर्दों तक पहुंचाया जा रहा था। इससे पर्दे हमेशा गीले रहते हैं और बाहर से आने वाली गर्म हवा ठंडी होकर अंदर पहुंचती है।
रिक्शा चलते समय यात्रियों को ठंडी हवा का एहसास हो रहा था, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए। कई लोगों ने इस जुगाड़ को भारतीय क्रिएटिविटी का शानदार उदाहरण बताया।
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर यूजर्स जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने इसे “देसी टेक्नोलॉजी” कहा तो किसी ने लिखा कि सही मौके और संसाधन मिलें तो भारतीय हर समस्या का समाधान निकाल सकते हैं।

गर्मी से राहत पाने का यह देसी तरीका अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे कम खर्च में बड़ा आइडिया बता रहे हैं।
