नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन के नेतृत्व में छात्रों और युवाओं ने मणिपुर में तीन नेताओं की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और न्याय दिलाने की अपील की.
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि मणिपुर में लगातार बढ़ती हिंसा और असुरक्षा का माहौल बेहद चिंताजनक है. उन्होंने आरोप लगाया कि समुदाय के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे लोगों में डर और नाराजगी बढ़ रही है.
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और राज्य सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने और प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाल करने की मांग की. साथ ही उन्होंने समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हिंसा रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की.
जंतर-मंतर पर हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई और मणिपुर में स्थायी शांति स्थापित करने की मांग दोहराई.


