C. Joseph Vijay ने आज तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर अपने राजनीतिक सफर में नया अध्याय शुरू कर दिया। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय ने राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके शपथ ग्रहण को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में समर्थक अपने पसंदीदा स्टार को मुख्यमंत्री बनते देखने पहुंचे।

समारोह में राजनीतिक हस्तियों के साथ-साथ फिल्म जगत के कई सितारों ने भी शिरकत की, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा दक्षिण भारतीय अभिनेत्री Trisha Krishnan की रही। तृषा कार्यक्रम में सबसे पहले पहुंचने वाली प्रमुख हस्तियों में शामिल थीं।

तृषा कृष्णन नीले रंग की कांजीवरम साड़ी और बेज रंग के कढ़ाईदार ब्लाउज में नजर आईं। उन्होंने अपने पारंपरिक लुक को खूबसूरत जूलरी के साथ पूरा किया। समारोह के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए विजय की जीत पर खुशी जाहिर की। तमिलनाडु के लिए इस दिन के महत्व को लेकर पूछे गए सवाल पर तृषा ने कहा, “धन्यवाद, आगे के लिए उत्सुक हूं।”

तृषा के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई अन्य कलाकार भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। तमिल अभिनेत्री Sangeetha और गायक Krish भी समारोह में मौजूद रहे।
विजय की यह जीत उनके राजनीतिक करियर का बड़ा पड़ाव मानी जा रही है। उनकी पार्टी तमिलगा वेट्ट्री कज़गम (TVK) ने 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पहली बार हिस्सा लिया और शानदार प्रदर्शन करते हुए सत्ता तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की। इसके साथ ही TVK हाल के वर्षों की सबसे चर्चित नई राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो गई है।
शपथ ग्रहण से पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar से मुलाकात कर सरकार बनाने के लिए 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। तमिलनाडु में बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी। विजय को TVK के 108 विधायकों के अलावा कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के विधायकों का भी समर्थन मिला।