नई दिल्ली के धौला कुआं इलाके में सोमवार को एक तेज रफ्तार कार और इलेक्ट्रिक आटो के बीच हुए सड़क हादसे में आटो चालक घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रही एक हुंडई कार ने अचानक आटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे आटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को दिल्ली कैंट थाना पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए धौला कुआं इलाके में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां एक इलेक्ट्रिक आटो और एक हुंडई कार दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिले। हादसे में घायल आटो चालक की पहचान फुरमान अली के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में आटो चालक ने पुलिस को बताया कि उसने सड़क पर अचानक ब्रेक लगाया था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हुंडई कार आटो से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आटो सड़क पर पलट गया और चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे के समय कार चालक अनुभव जैन मौके पर मौजूद था। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। अधिकारियों के मुताबिक, आटो चालक को मामूली चोटें आई हैं और कार चालक का भी नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया है। शुरुआती जांच में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। दिल्ली कैंट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायल चालक के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



