भारतीय फुटबॉल को नई दिशा देने की कोशिशों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला, जब उन्होंने सिक्किम के गंगटोक दौरे के दौरान स्थानीय बच्चों के साथ मैदान में उतरकर फुटबॉल खेला। इस दौरान पीएम ने सिर्फ खेला ही नहीं, बल्कि युवाओं को बड़े सपने देखने का संदेश भी दिया।

मैदान पर बच्चों के साथ खेलते हुए पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “मुझे क्या आप लोग फुटबॉल खेलना सिखाएंगे, या मुझे हरा देंगे?” इस बातचीत ने माहौल को उत्साह से भर दिया। उन्होंने खेल के दौरान कई गोल भी किए और खिलाड़ियों के साथ समय बिताया।

खेल खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सिर्फ अभ्यास ही नहीं, बल्कि मैच खेलना भी जरूरी है। मैच से सीखने का मौका मिलता है और खिलाड़ियों के अंदर जुनून पैदा होता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें केवल खेलने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि ओलंपिक में खेलने का लक्ष्य बनाकर मेहनत करनी चाहिए।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए प्रयास कर रहा है। ऐसे में आज के युवा ही उस समय देश का प्रतिनिधित्व करेंगे, इसलिए उन्हें अभी से अपनी तैयारी मजबूत करनी होगी। उनके इस संदेश ने भारतीय फुटबॉल के भविष्य को लेकर नई उम्मीदें जगा दी हैं।
इस पहल का असर सिर्फ मैदान तक सीमित नहीं रहा। फीफा विश्व कप 2026 के करीब आते समय पीएम मोदी के इस कदम ने देश में फुटबॉल को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। भारत में क्रिकेट के साथ-साथ फुटबॉल के भी बड़ी संख्या में फैंस हैं, और अब युवाओं को इस खेल की ओर आकर्षित करने की एक नई शुरुआत होती नजर आ रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इसी तरह जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा मिलता रहा, तो आने वाले समय में भारत न सिर्फ ओलंपिक बल्कि फीफा विश्व कप जैसे बड़े मंचों पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा सकता है।