अमेरिका में भारतीय मूल के छात्रों का शानदार प्रदर्शन लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में कश्मीर मूल की छात्रा अन्वी कौल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। Duke University में बायोमेडिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहीं अन्वी को नॉर्थ कैरोलिना की टॉप वुमन लीडर्स 2026 की सूची में शामिल किया गया है।

यह उपलब्धि न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। साथ ही यह उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।

अन्वी का शैक्षणिक प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। वह 4.0 के परफेक्ट जीपीए के साथ अपनी पढ़ाई कर रही हैं और ‘डीन लिस्ट विद डिस्टिंक्शन’ में भी जगह बना चुकी हैं। पढ़ाई के साथ-साथ उनकी नेतृत्व क्षमता भी उतनी ही प्रभावशाली है।

वह ड्यूक इंजीनियरिंग स्टूडेंट गवर्नमेंट की सह-अध्यक्ष हैं और 1400 से अधिक छात्रों का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इसके अलावा वह रिसर्च फेलो, टीचिंग असिस्टेंट और पीयर सक्सेस लीडर जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभा रही हैं।
बायोमेडिकल रिसर्च के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय है। अन्वी एक रिसर्च लैब में अंडरग्रेजुएट शोधकर्ता के रूप में कार्य कर रही हैं, जहां वह आधुनिक तकनीक की मदद से किडनी से जुड़ी बीमारियों पर अध्ययन कर रही हैं। यह शोध भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अहम भूमिका निभा सकता है।
उनकी सफलता की नींव स्कूली शिक्षा के दौरान ही पड़ गई थी। मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल से पढ़ाई करते हुए उन्होंने इंटरनेशनल बैकालॉरिएट (IB) में 45 में से 45 अंक हासिल किए थे।
मूल रूप से श्रीनगर से ताल्लुक रखने वाली अन्वी कौल आज अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। उनकी यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए एक मजबूत संदेश है कि अगर मेहनत और लगन हो, तो दुनिया के किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।