ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स की ताजा सूची में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। उद्योगपति गौतम अदाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एक बार फिर एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का स्थान हासिल कर लिया है। हालिया आंकड़ों के अनुसार अदाणी की कुल संपत्ति बढ़कर 92.6 अरब डॉलर पहुंच गई है।

वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी अब 90.8 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ एशिया में दूसरे स्थान पर आ गए हैं। वैश्विक रैंकिंग में अदाणी 19वें और अंबानी 20वें नंबर पर बताए जा रहे हैं।

इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह शेयर बाजार में अदाणी समूह के शेयरों में तेजी मानी जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक इस साल गौतम अदाणी की संपत्ति में 8.1 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीं दूसरी ओर रिलायंस के शेयरों में उतार-चढ़ाव के चलते अंबानी की संपत्ति में गिरावट दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि दुनिया के अरबपतियों की रैंकिंग शेयर बाजार के प्रदर्शन से तेजी से बदलती रहती है। यही कारण है कि अदाणी और अंबानी के बीच यह मुकाबला लगातार चर्चा में रहता है।
वैश्विक सूची में अब भी Elon Musk सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं।