इंटरनेशनल क्रिकेट में रिकॉर्ड बनाना जितना मुश्किल होता है, उससे कहीं ज्यादा चुनौती उन्हें लंबे समय तक बरकरार रखना है। क्रिकेट के इतिहास में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने ऐसे रिकॉर्ड कायम किए हैं, जिन्हें तोड़ना आज भी बेहद कठिन नजर आता है। पुरुष क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जबकि विकेटों के मामले में श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन सबसे आगे हैं। वहीं महिला क्रिकेट में स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा ने अपने-अपने क्षेत्रों में नया मुकाम हासिल किया है।
क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाजों में शामिल सचिन तेंदुलकर ने अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 34,357 रन बनाए। टेस्ट और वनडे क्रिकेट में लंबे समय तक उनकी निरंतरता और शानदार प्रदर्शन ने उन्हें दुनिया का सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाला बल्लेबाज बनाया। उनका यह रिकॉर्ड उनके 24 साल से ज्यादा लंबे करियर और असाधारण बल्लेबाजी का प्रमाण है।
गेंदबाजी की बात करें तो पुरुष इंटरनेशनल क्रिकेट में श्रीलंका के महान ऑफ स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का कोई मुकाबला नहीं है। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 1,347 विकेट हासिल किए। अपनी घातक स्पिन, विविधता और लगातार शानदार प्रदर्शन के दम पर मुरलीधरन ने वर्षों तक दुनिया भर के बल्लेबाजों को परेशान किया और विकेटों के मामले में सबसे ऊंचा मुकाम हासिल किया।
महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अब भारतीय सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना के नाम है। मंधाना के नाम 10,880 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। आक्रामक और आकर्षक बल्लेबाजी के लिए मशहूर मंधाना ने अलग-अलग फॉर्मेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ा, जिन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में 10,868 रन बनाए थे।
वहीं महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल विकेट लेने का रिकॉर्ड भी भारत के नाम है। स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा अब तक 365 विकेट अपने नाम कर चुकी हैं। उन्होंने पूर्व भारतीय दिग्गज गेंदबाज झूलन गोस्वामी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 355 विकेट हासिल किए थे। गेंदबाजी के साथ-साथ बल्ले से भी उपयोगी योगदान देने वाली दीप्ति लंबे समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा रही हैं।
इन आंकड़ों की सबसे खास बात यह है कि चार बड़े रिकॉर्ड्स में से तीन पर भारतीय खिलाड़ियों का कब्जा है। सचिन तेंदुलकर और स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने का मुकाम हासिल किया है, जबकि दीप्ति शर्मा महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन चुकी हैं। यह उपलब्धियां भारतीय क्रिकेट की निरंतरता और दुनिया के मंच पर खिलाड़ियों के दबदबे को भी दर्शाती हैं।



