तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने विधानसभा में नियम 110 के तहत चेन्नई में नए सचिवालय और विधानसभा परिसर के निर्माण की घोषणा की है। करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस परिसर का बिल्ट-अप एरिया लगभग 20 लाख वर्ग फीट होगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, करीब 400 साल पुराने फोर्ट सेंट जॉर्ज में अब विस्तार की पर्याप्त गुंजाइश नहीं है। 107 एकड़ के परिसर में राज्य सरकार के पास करीब चार एकड़ जमीन ही है, जबकि बाकी हिस्सा रक्षा मंत्रालय और एएसआई के नियंत्रण में है।
वर्तमान में सचिवालय दो प्रमुख इमारतों से संचालित होता है, जहां 6,000 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। पिछले चार दशकों में विभागों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बढ़ने से जगह की कमी लगातार बढ़ी है।
नए परिसर में सभी सरकारी विभागों को एक ही कैंपस में लाने की योजना है। इसमें आधुनिक फायर सेफ्टी, दिव्यांगों के लिए सुविधाएं, ग्रीन बिल्डिंग मानक, पार्किंग, कॉन्फ्रेंस हॉल और पब्लिक सर्विस सेंटर जैसी सुविधाएं होंगी। वहीं फोर्ट सेंट जॉर्ज की ऐतिहासिक इमारतों को संरक्षित रखा जाएगा।

सरकार का दावा है कि नया सचिवालय तमिलनाडु की अगले 100 वर्षों की प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।



