वाराणसी पुलिस ने संसद परिसर में विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर सनातन धर्म और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में नेता विपक्ष राहुल गांधी समेत तीन सांसदों के खिलाफ FIR दर्ज की है। कोतवाली थाने में दर्ज मामले में निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव और समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद के नाम भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कुछ संतों की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन के दौरान भगवान राम और सनातन धर्म को लेकर आपत्तिजनक प्रस्तुति दी गई, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। जगतगुरु बालक दास समेत शिकायतकर्ताओं ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की थी।

मामला विपक्षी सांसदों के उस प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसमें अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े कथित सवालों को उठाया गया था। प्रदर्शन के दौरान सांसदों ने एक प्रतीकात्मक नाटक भी प्रस्तुत किया, जिसमें सीढ़ियों के पास दानपात्र रखे गए थे और भगवा वस्त्र पहने पप्पू यादव को पैसे जेब में रखते हुए दिखाया गया। इसी प्रस्तुति पर संतों ने आपत्ति जताते हुए इसे भगवान राम और सनातन परंपरा का अपमान बताया। प्रदर्शन में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेता शामिल हुए थे। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और FIR में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।



