दिल्ली सरकार ने राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से 'क्लीन एयर, हेल्दी दिल्ली' नामक सात वर्षीय परियोजना को मंजूरी दी है। करीब 8,300 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना में 65 प्रतिशत वित्तीय सहायता वर्ल्ड बैंक देगा, जबकि शेष 35 प्रतिशत राशि दिल्ली सरकार वहन करेगी। यह परियोजना सितंबर 2026 से अगस्त 2033 तक लागू रहेगी और इसका उद्देश्य राजधानी में प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
इस परियोजना के तहत परिवहन, निर्माण एवं ध्वस्तीकरण से निकलने वाली धूल, सड़क की धूल, ठोस कचरा प्रबंधन और औद्योगिक प्रदूषण जैसे प्रमुख स्रोतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही वायु गुणवत्ता की निगरानी प्रणाली को आधुनिक बनाया जाएगा, डेटा विश्लेषण, जनजागरूकता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर रहेगा। सरकार का कहना है कि इस पहल से दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को नई गति मिलेगी और लंबे समय में लोगों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।




