दिल्ली के ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर एक्सपायर्ड खाद्य उत्पादों पर नई निर्माण और एक्सपायरी तारीख लगाकर दोबारा बाजार में बेचने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान 40 हजार से अधिक संदिग्ध पैकेट जब्त किए गए, जिनमें नमक, नूडल्स, कोल्ड ड्रिंक, हेल्थ ड्रिंक, जूस, घी और अन्य पैक्ड खाद्य उत्पाद शामिल हैं। अधिकारियों ने मौके से डेट बदलने वाली प्रिंटिंग मशीनें, सीलिंग मशीन, फर्जी लेबल, बारकोड, एमआरपी स्टिकर और पैकेजिंग सामग्री भी बरामद की है। इस मामले में संबंधित कंपनी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
एफएसएसएआई के अनुसार, कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी। जांच एजेंसियों का आरोप है कि पुराने लेबल हटाकर उत्पादों पर नई मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट छापी जाती थी, जिससे उपभोक्ताओं को गुमराह कर सामान दोबारा बाजार में बेचा जा सके। प्राधिकरण ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से भी अपील की गई है कि संदिग्ध खाद्य उत्पादों की जानकारी संबंधित माध्यमों से तुरंत साझा करें।




