राजधानी दिल्ली के तकिया काले खान स्थित बाल्मीकि बस्ती में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की 24 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 11:22 बजे मिली थी। आग की गंभीरता को देखते हुए लगातार अतिरिक्त फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज के पीछे स्थित इस बस्ती में बड़ी संख्या में झुग्गियां और अस्थायी ढांचे मौजूद हैं, जिससे आग तेजी से फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की लपटें देखते ही स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। कई परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि कुछ झुग्गियों में रखी लकड़ियां और अन्य ज्वलनशील सामग्री आग के तेजी से फैलने का कारण बनीं। आग बढ़ने के साथ ही बिजली के खंभों और तारों तक भी पहुंच गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दमकल और राहत दल समय पर मौके पर पहुंच गए, जिसके चलते बड़ा हादसा टल गया। आग के दौरान कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं। प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।



