दिल्ली के द्वारका मोड़ इलाके में पुरानी रंजिश ने एक युवक की जान ले ली। यहां एक नाबालिग ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर 21 वर्षीय युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि हत्या की वजह करीब 15 दिन पहले आरोपी के पिता के साथ हुआ विवाद था।
मृतक की पहचान मोहन गार्डन निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग आरोपी अपने पिता के साथ हुए झगड़े का बदला लेना चाहता था। इसी रंजिश में उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर सोनू को मारने की साजिश रची।
घटना सोमवार देर रात द्वारका मोड़ स्थित केडी बैंक्वेट हॉल के पास हुई। आरोपियों ने सोनू को घेर लिया और उस पर डंडों और पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला किया। गंभीर हालत में घायल सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बिंदापुर थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से खून के धब्बों समेत कई अहम सबूत जुटाए। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर वैज्ञानिक जांच भी कराई गई।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि वारदात से पहले सोनू का तीन युवकों से झगड़ा हुआ था। इसी आधार पर पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान की।
तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर मोहन गार्डन निवासी नामेश पांडे उर्फ अमन (22), चिराग उर्फ अमन (20) और एक 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने बदला लेने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।



