द्वारका जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की द्वारका नॉर्थ थाना टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 1900 क्वार्टर अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार बरामद की है।

यह कार्रवाई कुशल पाल सिंह के निर्देश पर की गई। संगठित अपराध पर लगाम लगाने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें सुनील कुमार रोहिल्ला, एएसआई राजेश कुमार, हेड कांस्टेबल महिपाल, विकास कुमार और दिनेश कुमार शामिल थे। पूरी कार्रवाई की निगरानी किशोर कुमार रेवाला ने की।
13 जून 2026 की शाम गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरियाणा से एक सफेद रंग की रिट्ज कार के जरिए अवैध शराब दिल्ली लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सेक्टर-16डी द्वारका स्थित दिल्ली जल बोर्ड सर्विस रोड, गोल्फ लिंक रोड के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका।
जांच के दौरान पुलिस ने कार से फाल्कन फ्रॉस्ट संतरा देसी शराब के 38 कार्टन बरामद किए। प्रत्येक कार्टन में 50 क्वार्टर थे, यानी कुल 1900 क्वार्टर बरामद हुए। इसके साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल (25) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रोहतक जिले के इस्माइला गांव का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वह इस गैरकानूनी धंधे में शामिल हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
इस संबंध में द्वारका नॉर्थ थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।


