भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अपने गोल्ड रिजर्व में कमी आने की खबरों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उसने सोना नहीं बेचा है। हाल ही में जारी साप्ताहिक आंकड़ों में 29 मई 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान RBI के सोने के भंडार की वैल्यू में 2.19 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके बाद बाजार में सोना बेचने की अटकलें शुरू हो गई थीं।
RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा कि केंद्रीय बैंक के पास मौजूद सोने की वास्तविक मात्रा में कोई कमी नहीं आई है, बल्कि इसमें मामूली बढ़ोतरी हुई है। RBI के अनुसार, सोने के भंडार का मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों और डॉलर विनिमय दर के आधार पर तय होता है। इसलिए वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव के कारण रिजर्व की वैल्यू घट-बढ़ सकती है, जबकि सोने की वास्तविक मात्रा समान बनी रहती है।

केंद्रीय बैंक ने बताया कि उसके पास फिलहाल 880.52 टन सोना मौजूद है। वहीं, इसी अवधि में भारत की विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियों (Foreign Currency Assets) में 3.12 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे कुल विदेशी मुद्रा भंडार की स्थिति मजबूत बनी हुई है। सरकार की तथ्य जांच एजेंसी PIB ने भी सोना बेचने से जुड़ी रिपोर्टों को भ्रामक बताते हुए कहा कि भारत के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है।



