दिल्ली के New Rajendra Nagar इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब एक घर के अंदर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव मिले। घटना का खुलासा तब हुआ जब घरेलू सहायिका (मेड) घर पहुंची और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों को जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर के अंदर दोनों महिलाओं को मृत पाया। शुरुआती जांच में पुलिस को शवों पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। साथ ही घर में जबरन घुसने या लूटपाट के भी कोई संकेत नहीं पाए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक दोनों महिलाएं बुजुर्ग थीं और घर में साथ रहती थीं। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है।

जांच एजेंसियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और पड़ोसियों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।


