मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मंगलवार को सोना और चांदी दोनों की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली। कारोबार शुरू होते ही चांदी के दाम में बड़ी कमजोरी आई और कीमत 4400 रुपये प्रति किलो से ज्यादा टूट गई। वहीं सोना भी गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।

सरकार द्वारा कीमती धातुओं पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के बाद पिछले दिनों सोना-चांदी में जबरदस्त तेजी आई थी। 13 मई को चांदी का भाव रिकॉर्ड उछाल के साथ 3 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया था। लेकिन इसके बाद बाजार में लगातार कमजोरी बनी हुई है।
एमसीएक्स पर 3 जुलाई एक्सपायरी वाली वायदा चांदी सोमवार को 2,76,716 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। मंगलवार को बाजार खुलते ही इसका भाव गिरकर करीब 2,72,265 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। यानी एक ही दिन में चांदी करीब 4,451 रुपये सस्ती हो गई। अगर 13 मई के उच्च स्तर से तुलना करें, तो अब तक चांदी करीब 28 हजार रुपये प्रति किलो टूट चुकी है।

जनवरी में चांदी ने रिकॉर्ड तेजी के दौरान 4,57,328 रुपये प्रति किलो का ऑल टाइम हाई बनाया था। मौजूदा कीमत उससे करीब 1.85 लाख रुपये प्रति किलो कम है। इससे साफ है कि बाजार में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है।
सोने की कीमतों में भी कमजोरी देखने को मिली। 5 जून एक्सपायरी वाला 24 कैरेट गोल्ड मंगलवार को गिरकर करीब 1,58,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,59,081 रुपये पर बंद हुआ था। अपने रिकॉर्ड हाई 2,02,984 रुपये प्रति 10 ग्राम से तुलना करें, तो सोना करीब 44,884 रुपये सस्ता हो चुका है।
हालांकि मई महीने की शुरुआत से अब तक कुल मिलाकर सोना और चांदी दोनों महंगे बने हुए हैं। अप्रैल के अंत में चांदी करीब 2,44,456 रुपये प्रति किलो थी, जबकि अब भी यह उससे काफी ऊपर कारोबार कर रही है। वहीं सोना भी पिछले महीने के मुकाबले हजारों रुपये महंगा बना हुआ है।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक बाजार, डॉलर की चाल, इंपोर्ट ड्यूटी और निवेशकों की खरीदारी का असर आने वाले दिनों में भी सोना-चांदी की कीमतों पर देखने को मिल सकता है।
