राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने आईपीएल 2026 के दौरान लगातार हो रही निजी टिप्पणियों और आलोचनाओं पर नाराजगी जताई है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टीम की जीत के बाद पराग ने टीवी कमेंटेटर्स और क्रिकेट एक्सपर्ट्स से अपील करते हुए कहा कि खिलाड़ियों की निजी जिंदगी पर चर्चा करने के बजाय सिर्फ क्रिकेट पर बात होनी चाहिए।
रियान पराग ने कहा कि मौजूदा सीजन में क्रिकेट से ज्यादा मैदान के बाहर की बातों पर चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हर मैच से पहले कई दिनों तक मेहनत और तैयारी करते हैं, लेकिन एक खराब दिन आने पर तुरंत खिलाड़ियों की मानसिकता और क्षमता पर सवाल उठाए जाने लगते हैं। पराग ने कहा कि लोग खिलाड़ियों की मेहनत को नहीं देखते और केवल आलोचना करने लगते हैं।

राजस्थान रॉयल्स कप्तान ने कहा कि खिलाड़ी भी इंसान हैं और उनसे भी गलतियां हो सकती हैं। उन्होंने कमेंटेटर्स से जिम्मेदारी के साथ बोलने की अपील करते हुए कहा कि उनकी आवाज लाखों लोगों तक पहुंचती है, इसलिए उन्हें खिलाड़ियों का सम्मान करना चाहिए। पराग ने कहा कि देश के सबसे बड़े खेल को सम्मान मिलना चाहिए और चर्चा का केंद्र सिर्फ क्रिकेट होना चाहिए।
इस सीजन रियान पराग कई विवादों और आलोचनाओं को लेकर चर्चा में रहे हैं। ड्रेसिंग रूम में वेपिंग से जुड़े विवाद के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। माना जा रहा है कि उनका हालिया बयान इन्हीं लगातार हो रही व्यक्तिगत टिप्पणियों और आलोचनाओं के जवाब में आया है।
पराग ने यह भी कहा कि पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने समझ लिया है कि लोग हर स्थिति में बातें करेंगे, लेकिन अब उन्होंने बाहरी शोर को नजरअंदाज करना सीख लिया है। उन्होंने “कीबोर्ड वॉरियर्स” का जिक्र करते हुए कहा कि अब ऐसी बातों का असर उनके खेल, फॉर्म और मानसिकता पर नहीं पड़ता।



