महिला टी20 विश्व कप 2026 को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी एक बार फिर ऑलराउंडर फातिमा सना को सौंपी गई है। इस बार चयनकर्ताओं ने कई युवा चेहरों पर भरोसा जताया है, जिससे टीम में नया जोश देखने को मिल सकता है।
पाकिस्तानी टीम में पांच खिलाड़ी पहली बार महिला टी20 विश्व कप खेलती नजर आएंगी। इनमें सायरा जबीन, तस्मिया रुबाब, नतालिया परवेज, इमान फातिमा और रमीन शमीम के नाम शामिल हैं। बोर्ड को उम्मीद है कि ये खिलाड़ी बड़े मंच पर खुद को साबित करेंगी।
बल्लेबाजी की बात करें तो हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाली गुल फिरोजा टीम की प्रमुख उम्मीद मानी जा रही हैं। उनके अलावा मुनीबा अली और आयशा जफर जैसी अनुभवी बल्लेबाज टीम को मजबूत शुरुआत देने की जिम्मेदारी निभाएंगी। मध्यक्रम में आलिया रियाज और इरम जावेद पर भी अहम जिम्मेदारी रहेगी।
गेंदबाजी विभाग में पाकिस्तान काफी मजबूत नजर आ रहा है। स्पिन आक्रमण में सादिया इकबाल, नाशरा संधू और तुबा हसन जैसी अनुभवी गेंदबाज शामिल हैं। वहीं तेज गेंदबाजी की कमान कप्तान फातिमा सना, डायना बेग और तस्मिया रुबाब संभालेंगी।महिला टी20 विश्व कप 2026 का आयोजन 12 जून से शुरू होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को खेला जाएगा। इस बार प्रतियोगिता की मेजबानी इंग्लैंड और वेल्स कर रहे हैं। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत चिर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ करेगा, जिस मुकाबले को लेकर अभी से क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।

पाकिस्तान की महिला टीम अब तक हर टी20 विश्व कप में हिस्सा ले चुकी है, लेकिन टीम कभी सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच पाई। ऐसे में इस बार युवा और अनुभवी खिलाड़ियों के संतुलन के साथ पाकिस्तान नई शुरुआत करने की कोशिश करेगा।

