द्वारका जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 3850 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “नशे पर लगाम, देश को सलाम” के तहत की गई। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एंटी-नारकोटिक्स सेल और स्पेशल स्टाफ की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी धर्मेंद्र (25) और शाहदरा निवासी अमन (22) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नजफगढ़ थाने में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।

पहली कार्रवाई में एंटी-नारकोटिक्स सेल की टीम ने यूईआर दिचौन डिपो के पास एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान कार से 2500 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन चला रहे धर्मेंद्र को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में स्पेशल स्टाफ की टीम ने नजफगढ़ स्थित साईं बाबा मंदिर के पास एक अन्य कार को पकड़कर उसकी जांच की। कार से 1350 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अमन केवल 10वीं तक पढ़ा है और माता-पिता की मौत के बाद जल्दी पैसा कमाने के लालच में अवैध शराब तस्करी के धंधे में शामिल हो गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।



