पश्चिमी दिल्ली के द्वारका सेक्टर-17 में सोमवार दोपहर एक कार में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर कार खड़ी थी, उसके नीचे से गुजर रहे अंडरग्राउंड बिजली के केबल में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों ने कुछ ही पलों में ऊपर खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन में तेज आग भड़क उठी।
घटना सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। कार से उठती ऊंची लपटों और धुएं को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। हालांकि, दमकल विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी और पूरी कार धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह खाक हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि कुछ देर के लिए आसपास के लोग दहशत में आ गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कार के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते लोगों की सतर्कता और दमकल विभाग की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण अंडरग्राउंड बिजली के तार में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



