भारतीय उद्योगपति Gautam Adani को अमेरिका में चल रहे कथित रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी मामले में बड़ी राहत मिल सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी न्याय विभाग अडाणी के खिलाफ दर्ज आपराधिक केस को वापस लेने पर विचार कर रहा है। इस मामले में जल्द फैसला सामने आ सकता है।
बताया जा रहा है कि अमेरिकी एजेंसियां इस केस की कानूनी स्थिति की समीक्षा कर रही हैं। साथ ही अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) द्वारा दायर सिविल फ्रॉड मामले को भी सुलझाने की दिशा में बातचीत चल रही है।
यह मामला नवंबर 2024 में सामने आया था, जब गौतम अडाणी, Sagar Adani और कुछ अन्य लोगों पर भारतीय अधिकारियों को कथित तौर पर करोड़ों डॉलर की रिश्वत देने की साजिश का आरोप लगाया गया था। जांच एजेंसियों का दावा था कि यह कथित भुगतान बड़े सोलर पावर कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए किए गए थे।
अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया था कि इस मामले से जुड़ी जानकारी छिपाकर लोन और बॉन्ड ऑफरिंग के जरिए बड़ी रकम जुटाई गई। हालांकि अडाणी समूह ने पहले भी इन आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताया था।
अब अगर अमेरिकी न्याय विभाग केस वापस लेने का फैसला करता है, तो इसे अडाणी समूह के लिए बड़ी कानूनी और कारोबारी राहत माना जाएगा। निवेशकों और बाजार की नजरें भी इस मामले के अगले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।


