दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कई महीनों पहले रहस्यमय तरीके से लापता हुआ शांत स्वभाव का स्ट्रे डॉग ‘कद्दू’ आखिरकार द्वारका इलाके में सुरक्षित मिल गया। कद्दू के मिलने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर खुशी और भावुक प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।

इस अपडेट को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तान्या नाम की एक यूजर ने साझा किया। उन्होंने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें कद्दू सड़क किनारे अपने रेस्क्यू करने वाले व्यक्ति के पास शांत बैठा नजर आ रहा है। लंबे समय से उसकी तलाश कर रहे पशु प्रेमियों के लिए यह खबर राहत और खुशी लेकर आई।
तान्या ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “कई महीनों की लगातार तलाश के बाद वह आखिरकार सुरक्षित है। आखिर में इंसानियत और दया की जीत हुई।”

वीडियो में कद्दू थोड़ा थका हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन वह सुरक्षित बताया जा रहा है। सोशल मीडिया यूजर्स इस खबर पर भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और कद्दू को ढूंढने में लगे लोगों की सराहना कर रहे हैं।
पिछले कुछ महीनों से कद्दू की तलाश को लेकर कई पशु प्रेमी और स्थानीय लोग लगातार प्रयास कर रहे थे। अब उसके सुरक्षित मिलने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे उम्मीद और इंसानियत की जीत बता रहे हैं।
