Turkish Airlines के विमान TK726 में काठमांडू एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह विमान इस्तांबुल से काठमांडू पहुंचा था और घटना रविवार सुबह करीब पौने सात बजे हुई।

जानकारी के मुताबिक, विमान के रनवे पर उतरते ही उसके पहियों से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट स्टाफ और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी।
राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित बताए गए हैं। समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से काठमांडू एयरपोर्ट का रनवे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान की तकनीकी जांच की जा रही है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

इस घटना के बाद एयरपोर्ट पर उड़ानों के संचालन पर भी कुछ समय के लिए असर पड़ा। फिलहाल संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
