Pakistan के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में चरमपंथियों ने एक पुलिस थाने को निशाना बनाकर बड़ा हमला किया। बन्नू जिले के फतेहखेल थाने में विस्फोटकों से भरी गाड़ी घुसाने की कोशिश के दौरान हुए धमाके और मुठभेड़ में कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक हमलावर विस्फोटकों से लदी गाड़ी लेकर पुलिस थाने में दाखिल होना चाहते थे, लेकिन सुरक्षाबलों ने उन्हें पहले ही रोक लिया। इसी दौरान गाड़ी में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि आसपास के कई मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा। विस्फोट के बाद चरमपंथियों ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के तुरंत बाद बड़ी संख्या में हमलावरों ने थाने पर हमला बोल दिया। दोनों तरफ से हुई भारी गोलीबारी में तीन पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जबकि कई जवान घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री Mohammad Sohail Afridi ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई केवल प्रांत की नहीं, बल्कि पूरे देश की लड़ाई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गलत नीतियों और बंद कमरों में लिए गए फैसलों ने देश को असुरक्षा की स्थिति में पहुंचा दिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहीदों की कुर्बानी व्यर्थ नहीं जाएगी और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में अफगानिस्तान सीमा से सटे खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में सुरक्षा बलों पर हमलों की घटनाओं में तेजी आई है, जिससे पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा को लेकर चिंता और बढ़ गई है।