तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया अध्याय शुरू हो गया। टीवीके प्रमुख C. Joseph Vijay ने चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। शपथ समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक और राजनीतिक हस्तियां मौजूद रहीं।

सरकार गठन से पहले विजय ने शनिवार को राज्यपाल Rajendra Vishwanath Arlekar से मुलाकात कर 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपा था। तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी। टीवीके के 108 विधायकों के अलावा कांग्रेस के 5, CPI और CPI(M) के 2-2 विधायकों ने समर्थन दिया। वहीं VCK और IUML ने भी अपने 2-2 विधायकों का समर्थन देकर विजय की राह आसान कर दी।

समर्थन पत्रों की जांच के बाद राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया। इसके बाद चेन्नई समेत राज्यभर में समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर उनके परिवार और फैंस में भी खास उत्साह देखने को मिला।

हालांकि, विजय के लिए मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद तमिलनाडु में कई दिनों तक सियासी हलचल जारी रही। 6 मई को विजय कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन के साथ राज्यपाल से मिले, लेकिन बहुमत से कम संख्या होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।
इसके बाद 7 मई को लेफ्ट पार्टियों के 4 विधायकों के समर्थन के साथ उन्होंने दोबारा राज्यपाल से मुलाकात की, लेकिन तब भी बहुमत का आंकड़ा पूरा नहीं हो पाया। 8 मई को TVK ने VCK के समर्थन का दावा किया, लेकिन देर रात तक आधिकारिक पुष्टि नहीं होने से मामला अटक गया। आखिरकार 9 मई को IUML और VCK ने समर्थन की घोषणा की, जिसके बाद विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया।