पंजाब सरकार में मंत्री संजीव अरोड़ा के यहां ईडी की छापामारी के बाद आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने प्रधानमंत्री पर न सिर्फ पंजाब के लोगों को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया बल्कि उनकी तुलना मुगल शासक औरंगजेब से भी कर डाली। इस पर पलटवार करते हुए भाजपा ने केजरीवाल पर पंजाब में उगाही के साथ ही औरंगजेब की तरह काम करने का आरोप लगाया है।

शनिवार को आप मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर केजरीवाल ने कहा कि जैसे ही बंगाल चुनाव खत्म हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब में ईडी के छापे डलवाना शुरू कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब के लोगों को तरह-तरह से प्रताड़ित किया है।

केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में मोदी औरंगजेब की तरह काम कर रहे हैं। पंजाब ने औरंगजेब को भी जवाब दिया था और पंजाब को कब्जाने का सपना पूरा नहीं होने दिया था। अब 2027 के चुनाव में पंजाब उन्हें जवाब देगा।
यह वीडियो भी देखें
Play
0:00 / 6:42
Settings
Enter fullscreen mode
संजय और आतिशी ने भी किया हमला
आप नेता संजय सिंह, आतिशी आदि ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहले अशोक मित्तल के यहां छापामारी हुई, अगले दिन उनको भाजपा में शामिल करवा लिया। संजीव अरोड़ा भाजपा में शामिल नहीं हुए तो उनके यहां फिर से छापामारी करवा दी गई है।
भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पंजाब में उगाही का खेल चल रहा है। केजरीवाल को मालूम है कि अरोड़ा से होते हुए जांच उन तक पहुंचेगी। इसलिए वह इसी राजनीतिक साजिश बता रहे हैं।
आप नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद नहीं : भाजपा
भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने कहा कि आप नेताओं पर लगे भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि मोदी नहीं, बल्कि केजरीवाल पंजाब में औरंगजेब जैसी कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप छोड़ चुके एक राज्यसभा सदस्य को फर्जी मामले में गिरफ्तार करने के लिए पंजाब पुलिस को भेजा गया था। वास्तव में पंजाब में केजरीवाल ही औरंगजेब की तरह व्यवहार कर रहे हैं। आज पंजाब केजरीवाल के कार्यों से परेशान है।
पंजाब में पूरी आप सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। जब भी उसके नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाती है, पार्टी हंगामा खड़ा कर देती है। वहीं केंद्रीय मंत्री किरेण रिजीजू ने केजरीवाल पर तीखा हमला करते हुए उन पर भारतीय राजनीति के मानकों को गिराने का आरोप लगाया। कहा कि उनका "अध्याय समाप्त" हो चुका है।
आप ने पंजाब की अर्थव्यवस्था को कर दिया बर्बाद : राघव चड्ढा
राज्यसभा सदस्य और भाजपा नेता राघव चड्ढा ने शनिवार को पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास पर ईडी की छापेमारी के बाद आप पर तीखा हमला बोला। कहा कि आप ने पंजाब को "रंगला पंजाब" बनाने का वादा किया था, लेकिन इसके बजाय उसने राज्य की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। इसे "कांगला पंजाब" बना दिया।
ईडी की छापामारी के दौरान 100 करोड़ रुपये की धनराशि के गबन की खबरें दिखाती हैं कि यह लोगों द्वारा दिए गए जनादेश का घोर उल्लंघन है। हमने पार्टी के भीतर ऐसे मुद्दे उठाने की कोशिश की थी, लेकिन हमें चुप करा दिया गया।