उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बनी जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए अब बड़ी पहल की गई है। सांसद मनोज तिवारी ने बताया कि खजूरी खास इलाके में करीब 19 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से रिलीफ ड्रेन का निर्माण किया जाएगा। जल्द ही इसका काम शुरू किया जाएगा।

सांसद ने कहा कि यह परियोजना पिछले करीब आठ वर्षों से लंबित थी। पहले इस ड्रेन को लगभग आठ करोड़ रुपए की लागत से बनाने की योजना बनाई गई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से काम शुरू नहीं हो सका। अब राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण द्वारा इस परियोजना के लिए संशोधित बजट स्वीकृत कर दिया गया है और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।

खजूरी खास और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या

सांसद के अनुसार, खजूरी खास और आसपास के इलाकों में जलभराव की समस्या बेहद गंभीर रही है। क्षेत्र में बढ़ती आबादी और अतिरिक्त पानी के दबाव के कारण नालों की क्षमता कम पड़ रही थी, जिससे बरसात के दौरान सड़कों और रिहायशी इलाकों में पानी भर जाता था।
रिलीफ ड्रेन बनने के बाद जल निकासी व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और हजारों लोगों को जलभराव से राहत मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और लोगों को बेहतर जीवनस्तर मिल सकेगा।