ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब राउरकेला से जाजपुर जिले के मंगलपुर जा रही एक बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसा चांदीपुर थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस और ट्रक दोनों के ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद बस में कई यात्री फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस का हिस्सा काटकर बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री के अनुसार, बस चालक का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।